12वीं के विद्यार्थियों के बस्तों का अधिकतम वजन पांच किलो ;
प्री-नर्सरी के बच्चे बिना बैग के जाएंगे स्कूल
एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 4 मार्चपंजाब के शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को भारी स्कूल बस्तों से राहत दिलाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, पंजाब के सहायक निदेशक राजीव कुमार ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर विद्यार्थियों के स्कूल बैग का वजन कम करने संबंधी दिशा-निर्देश दिए हैं। यह आदेश राज्य के सभी सरकारी, एडेड और निजी स्कूलों पर लागू होंगे।इसके तहत प्री-नर्सरी का विद्यार्थी बिना किसी बैग के स्कूल जाएगा और 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के बैग का वजन साढ़े तीन किलो से पांच किलो तक हो सकेगा। पत्र में कहा गया है कि स्कूल बस्तों का अनावश्यक वजन बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल रहा है।मानव संसाधन विकास मंत्रालय की सिफारिशों के अनुसार प्री-नर्सरी के बच्चों के लिए कोई बैग नहीं होगा। पहली और दूसरी कक्षा के लिए बस्ते का वजन 1.6 से 2.2 किलोग्राम, तीसरी से पांचवीं के लिए 1.7 से 2.5 किलोग्राम, छठी और सातवीं के लिए 2 से 3 किलोग्राम, आठवीं के लिए 2.5 से 4 किलोग्राम, नौवीं और दसवीं के लिए 2.5 से 4.5 किलोग्राम तथा 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए बस्ते का वजन 3.5 से 5 किलोग्राम तक रखने की सिफारिश की गई है।












