साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 18 मई (Azad Vaani) :पंजाब सरकार द्वारा राज्य में पुस्तक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पहल करते हुए पुस्तक मैचिंग ग्रांट स्कीम की शुरुआत की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए खोज अधिकारी डॉ. दर्शन कौर ने बताया कि डायरेक्टर, भाषा विभाग पंजाब की अगुवाई में इस स्कीम के तहत जिले की सभी ग्रामीण लाइब्रेरियों, सरकारी और गैर-सरकारी शैक्षणिक संस्थानों को मानक पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस ग्रांट की विशेषता यह है कि कोई भी संस्था भाषा विभाग से जितने मूल्य की पुस्तकें खरीदेगी, उतने ही मूल्य की अतिरिक्त पुस्तकें विभाग द्वारा मैचिंग ग्रांट के तहत बिल्कुल निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।स्कीम का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि पुस्तकें प्राप्त करने के इच्छुक ग्रामीण पुस्तकालय गांव के सरपंच से सत्यापित आवेदन-पत्र दे सकते हैं, जबकि शैक्षणिक संस्थान जैसे स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों के प्रमुख अपनी आधिकारिक मोहर और हस्ताक्षरों सहित लेटर-पैड पर आवेदन-पत्र जमा करवा सकते हैं।इन पुस्तकों को खरीदने तथा स्कीम संबंधी अन्य किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला भाषा कार्यालय, डी.सी. कॉम्प्लेक्स, कमरा नंबर 518 (ए), चौथी मंजिल, सेक्टर-76, मोहाली में संपर्क किया जा सकता है।
ग्रामीण लाइब्रेरियों और शैक्षणिक संस्थानों को ‘पुस्तक मैचिंग ग्रांट स्कीम’ के तहत मिलेंगी मानक पुस्तकें










