साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 18 मई :(azadvaani) जिला स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को गर्मी और लू से बचने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने कहा कि मौसम में बढ़ रही गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी प्रबंध पहले ही किए जा चुके हैं ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।उन्होंने बताया कि मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है। इसलिए लोगों को बिना जरूरी काम धूप में न निकलने और विशेष तौर पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर जाने से बचने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि इस समय के दौरान सूर्य की गर्मी सबसे ज्यादा होती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।डॉ. जैन ने कहा कि शरीर का तापमान संतुलित रखने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन किया जाना चाहिए। लोगों को सादा पानी, लस्सी, नींबू पानी, नारियल पानी, जूस और ओ.आर.एस. जैसे पेय पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई।उन्होंने बताया कि गर्मी का ज्यादा असर नवजात बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किसानों, मजदूरों, खुले में काम करने वाले लोगों तथा दिल या हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों पर हो सकता है। इसलिए इन वर्गों को अधिक सावधान रहने की जरूरत है।सिविल सर्जन ने लोगों को हल्के रंग के कपड़े पहनने, सिर ढककर रखने और बाहर निकलते समय पानी साथ लेकर जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तले हुए और बासी भोजन से परहेज किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को गर्मी के कारण कोई स्वास्थ्य समस्या होती है तो स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकीय सलाह ली जा सकती है।
गर्मी से बचाव के लिए क्या उपाय करें ?












